राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़

हरीश हत्याकांड: प्रेम की गांठ खुली तो सांसों की डोर टूट गई, परिवार की पसंद को ठुकराकर पारूल से किया था विवाह

नौ साल पहले हरीश ने परिवार की पसंद को ठुकराकर जिस पारूल को जीवनसंगिनी बनाया, उसी ने अवैध संबंधों की खातिर उसे ठिकाने लगा दिया। दोनों के प्रेम की गांठ ऐसे खुली कि पारूल ने हरीश की सांसों की डोर तोड़ दी। पारूल को हरीश से इतनी नफरत हो गई थी कि पहले उसने ही तकिये से पति का मुंह दबाया। दरअसल हरीश मजदूरी करता था और घर के खर्च पूरे नहीं होने के चलते पारूल भी सिडकुल की कंपनी में नौकरी करती थी। बताया जाता है कि पारूल को घूमने-फिरने और खर्च करने का शौक था लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। तीन साल पहले हरीश के घर पर ठेकेदार रईस का आना जाना शुरू हुआ था। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर रईस ने पारूल से नजदीकियां बढ़ा ली और उनके अवैध संबंध हो गए। पत्नी से मिली बेवफाई ने हरीश को तोड़ दिया और वह बहुत शराब पीने लगा। घर में अक्सर झगड़ा और मारपीट होती थी। पुलिस के अनुसार 14 मार्च को हरीश ने शराब के नशे में पारूल के साथ मारपीट की। 15 मार्च की रात भी मारपीट हुई तो पारूल गुस्से में भर गई। उसने हरीश को रास्ते से हटाने के लिए फोन पर प्रेमी रईस को घर बुला लिया। घटना के समय हरीश शराब पीकर बिस्तर पर लेटा था और उनका सात साल का बेटा करन अपनी दादी के पास दूसरे घर में था।

रईस ने हरीश के दोनों हाथ कसकर पकड़े और पारूल ने तकिये से उसका मुंह दबा दिया। घुटन से हरीश काफी छटपटाया लेकिन उसकी जान नहीं गई। इस पर रईस ने एक हाथ से हरीश का मुंह दबाने के साथ ही दूसरे हाथ से उसके हाथ पकड़े थे। कुछ मिनट में ही हरीश की छटपटाहट बंद हो गई और मौत होने के बाद उसे खेत में फेंक दिया गया।

शंकर ने रईस को नहीं देखा होता तो केस खुलने में लगती देरी
किच्छा में हुए हरीश हत्याकांड में वादी शंकर ने अपने भाई की मौत के लिए पारूल और रईस को जिम्मेदार ठहराते हुए केस दर्ज कराया था। 15 मार्च की रात शंकर अपने घर की छत पर टहल रहा था। इस दौरान उसने रईस को हरीश के घर जाते देखा था। इसके बाद कमरे की लाइट बंद हो गई थी। उसने पुलिस को यह बात बताई तो मामले को शक की निगाह से देख रही पुलिस सक्रिय हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं होने के चलते पुलिस भी संशय में थी। शंकर रईस को हरीश के घर जाते नहीं देखता तो यह मामला खुलने में देर लग जाती। हालांकि शव मिलने के बाद ही पारूल और रईस को लेकर गांव में तमाम चर्चाएं थी।

Aman Singh

journalism

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़