रूद्रपुर। हल्द्वानी मार्ग पर टांडा जंगल में कार व पिकप वाहन के मध्य आमने सामने हुई भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग भड़क गई। जिससे वाहनों में सवार लोगों ने तुरंत बाहर कूद कर अपनी जान बचाई। घटना के बाद मुख्य मार्ग पर गुजर रहे वाहनों की लम्बी कतारें लग गई। घटना की जानकारी मिलने पर दमकल कर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि कार में सवार तीन लोगों को चोटें आई हैं जिनका चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार प्रातः करीब आठ बजे कार संख्या यूपी 25 ईए 0648 में सवार तीन लोग रूद्रपुर से हल्द्वानी की ओर जा रहे थे। मार्ग में टांडा जंगल में विपरीत दिशा से आ रहे पिकप संख्या यूके 06 सीसी 0030 के चालक ने एक वाहन से ओवर टेक करने के दौरान उक्त कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे कार में सवार तीनों लोग घायल हो गये। वहीं कार और पिकप में आग भड़क गई। वाहनों में सवार लोगों ने किसी तरह कार से बाहर निकल कर अपनी जान बचाई। कार में लगी आग से पिकप के सामने कंे हिस्से में भी आग लग गई और देखते ही देखते दोनों वाहन आग की लपटों में धूंूं धूं कर जलने लगे। जिस कारण मुख्य मार्ग पर गुजर रहे वाहनों की दोनों ओर लम्बी कतारें लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर आ पहुंचे और उन्होंने आग पर काबू पाया। जिसके बाद मुख्य मार्ग पर यातायात सुचारू हो सका। बताया जाता है कि कार में सवार घायलों का चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है। घटना में कार जलकर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है जबकि पिकप के इंजन व केबिन को भारी नुकसान पहुंचा है।
