बाजपुर। यूपी के बरेली जिले की पुलिस ट्रैक्टर चोरी के मामले में बाजपुर में दबिश देकर दो युवकों से पूछताछ कर रही है। बताते हैं कि बरेली के देवरनियां क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक में लादकर लाए जा रहे दो ट्रैक्टरों को पकड़ा था। ट्रक चालक दोनों ट्रैक्टरों के कागजात नहीं दिखा पाया। बीते बृहस्पतिवार रात यूपी पुलिस ने चेकिंग के दौरान बरेली के देवरनियां थाना अंतर्गत क्षेत्र में दो ट्रैक्टरों से लदे एक ट्रक को पकड़ा था। जांच करने पर ट्रैक्टरों के कागजात नहीं मिले। ट्रक चालक ने ट्रांसपोर्टर सहित ट्रैक्टर लेकर आ रहे व्यक्ति का नाम और पता बताया था। शनिवार को पुलिस ने फोन करके आरोपी को बुलाया और बाजपुर के गांव चकरपुर निवासी एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया जबकि ट्रांसपोर्टर को साथ लेकर यूपी पुलिस ने बाजपुर पुलिस की मदद से गांव चकरपुर में दबिश दी। यूपी पुलिस एक व्यक्ति को अपने साथ ले गई है। वहीं यूपी पुलिस चालक सहित तीन लोगों से पूछताछ कर रही है। सूत्र बताते हैं कि यूपी के गोरखपुर, देवरिया क्षेत्र से ट्रैक्टर लाकर बाजपुर, केलाखेड़ा और रामपुर जिले के स्वार क्षेत्र में कबाड़ियों को बेचते थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए यूपी पुलिस ने ऊधमसिंह नगर के एसएसपी से बातचीत की। इसके बाद यूपी पुलिस बाजपुर पहुंची। इस दौरान यूपी पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से शहर से सटे चकरपुर गांव में दबिश दी।सूत्रों ने बताया कि यूपी क्षेत्र से चोरी के तीन ट्रैक्टर बाजपुर क्षेत्र में आए है जिसमें पुलिस को चकरपुर रोड मुंडिया पिस्तौर देहात क्षेत्र से एक ट्रैक्टर संदिग्ध हालत में खड़ा मिला। इस ट्रैक्टर के बारे में कोई कुछ नहीं बता सका। ऐसे में यूपी पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। पुलिस अब दो ट्रैक्टरों की तलाश कर है।
यूपी के देवरनियां थाने के एसआई राजपाल सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान ट्रक में दो ट्रैक्टर मिले थे। कागजात नहीं मिलने से मामला चोरी का प्रतीत होता है। चालक सहित तीन लोगों से पूछताछ चल रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
