रूद्रपुर । घर लौट रहे युवक पर कई युवकों ने धारदार हथियारों और तमंचे के साथ जानलेवा हमला बोल दिया और उसे लहुलुहान कर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गये। घायल युवक को उपचार के लिये जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने घटना की सूचना रम्पुरा पुलिस को दे दी है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिये निरन्तर दबिश दे रही है। जानकारी के अनुसार रम्पुरा निवासी आकाश पुत्र ओमप्रकाश यहां मुख्य बाजार में किराने की दुकान में काम करता है। बताया जाता है कि गत रात्रि वह अपने दोस्त के साथ घर वापिस लौट रहा था कि मार्ग में इन्द्रा चौक पर उसके मौहल्ले के ही निवासी कुछ युवकों से किसी बात को लेकर नौक-झौंक हो गई जिसके बाद उन युवकों ने अपने कई अन्य साथियों को भी बुला लिया और उन्होंने आकाश पर ईट-पत्थर,डण्डे व धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। आकाश किसी तरह बच कर मौके से भागने लगा तो हमलावरों ने पीछे से उस पर ईट फैंक दी। आकाश का आरोप है कि उस पर तमंचे से फायर भी झौंका गया। कुछ दूरी आगे जाकर हमलवरों ने उसे फिर चारों ओर से घेर लिया और उसके साथ मारपीट कर उसे लहुलुहान कर दिया। हमलावर जान से मारने के धमकी देते हुये मौके से फरार हो गये। इसके पश्चात वह बेहोश हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर उसके परिजनों ने 108 एम्बुलेंस से घायल आकाश को उपचार के लिये जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत चिन्ताजनक बनी हुई है। परिजनों ने घटना की सूचना रम्पुरा पुलिस को दे दी है। पुलिस हमलवरों की तलाश में जुटी हुई है।
