राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़

बच्चों को स्कूल ले जा रही वैन पर पथराव,कई घायल

रूद्रपुर। आज प्रातः मौहल्ला खेड़ा में एक निजी स्कूल के बच्चों को ले जा रही वैन पर कुछ युवकों ने पथराव और डण्डे बरसाने शुरू कर दिये। जिससे वैन के शीशे टूट गये और वैन में सवार कई बच्चों को चोटें आ गईं। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधक घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने मामले की विस्तार से जानकारी ली। प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने कुछ हमलावरों को पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में लिया है। वहीं दोनों पक्षों के मध्य सुलह समझौते की बात चल रही थी। जानकारी के अनुसार प्रातः उड़ान प्ले स्कूल की वैन संख्या यूके 06 बीसी 7955 का चालक रोज की तरह छोटे बच्चों को मौहल्ला खेड़ा से लेकर स्कूल की ओर जा रहा था। इसी दौरान मौहल्ले में ही बाईक सवार कुछ युवकों से वैन चालक की किसी बात को लेकर बहस हो गई। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने वैन पर पथराव शुरू कर दिया और बड़े बांस से वैन के पीछे से वार कर दिया। जिससे वैन के शीशे टूट गये जिससे वैन में सवार कुछ बच्चों को चोटें भी आ गईं और वह चीख पुकार करने लगे। शोर की आवाज सुनकर मौके पर कई लोग आ पहुंचे और कुछ हमलावर युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। मामले की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधक व पुलिसकर्मी मौके पर आ गये। प्रबंधक द्वारा घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई। इसी दौरान स्कूल प्रबंधक के साथ हमलावरों तथा घायल हुए बच्चों के परिजन भी रम्पुरा चौकी आ पहुंचे। जहां उनमें सुलह समझौते की बात चल रही थी।
Aman Singh

journalism

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
राष्ट्रीय नजरिया न्यूज़