देहरादून। राजधानी देहरादून में पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने एक स्पा सेंटर में चल रहे देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि आठ युवतियों को मुक्त कराया गया है। यह कार्रवाई चकराता रोड स्थित नेचर ट्रू स्पा एंड सैलून सेंटर में सोमवार देर रात की गई, जहां स्पेशल सर्विस के नाम पर देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिसके बाद एएचटीयू प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एएचटीयू और कोतवाली कैंट पुलिस की संयुक्त टीम ने सेंटर पर छापा मारा, जहां अलग-अलग कमरों में दो पुरुष और दो महिलाएं आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए तथा उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। पुलिस ने मौके से स्पा सेंटर के मालिक अनुज सिंह, निवासी भांकला (सहारनपुर), वर्तमान निवासी जीएमएस रोड देहरादून, संचालक सागर चौधरी, निवासी ग्राम छिदबना (सहारनपुर), और ग्राहक अभय, नयन व विपिन, निवासी मुरलीवाला (बिजनौर) को गिरफ्तार किया। छापे के दौरान ग्राहकों की प्रतीक्षा में बैठी आठ युवतियों को रेस्क्यू कर उनके परिजनों को सौंपा गया। पूछताछ में स्पा संचालक अनुज सिंह ने स्वीकार किया कि वह जस्ट डायल और फोन के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करता था तथा स्पेशल सर्विस के नाम पर मोटी रकम लेकर युवतियों के माध्यम से देह व्यापार कराता था। पीड़ित युवतियों ने भी बताया कि उन्हें आर्थिक तंगी के चलते अधिक कमाई का लालच देकर स्पा में बुलाया गया था और ग्राहकों से मिलने वाली राशि का आधा हिस्सा स्पा संचालक को देना होता था। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, मालिक समेत 4 गिरफ्तार
byAman Singh
0
.jpg)