गदरपुर। जिला बाल संरक्षण यूनिट की टीम ने बाल श्रम मजदूरी पर अंकुश लगाने के मकसद से बुधवार को शहर में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक बाइक मैकेनिक की दुकान में टीम के अचानक पहुंचने पर नगर में हड़कंप मच गया और सूचना मिलने पर व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गये। विरोध के बाद बाल श्रम की टीम बैरंग वापस लौट गई। जानकारी के अनुसार बुधवार को जिले से गठित टास्क फोर्स डीटीएफ की टीम में लेबर इंस्पेक्टर आरसी बेलवाल और एक एनजीओ से मीना कुमारी अपनी टीम के साथ नगर में पहुंचे । महाजन नर्सिंग होम के सामने गुरु कृपा ऑटो सर्विस की दुकान पर पहुंची टीम ने एक बच्चे को बाइक धोते हुए पाया। सूचना मिलने पर व्यापार मंडल की टीम भी मौके पर पहुंच गई टीम से व्यापारी नेताओं की नोकझोंक भी हुई । टीम में शामिल मीरा कुमारी ने कहा कि बाल श्रम से मुक्त कराए जाने के अभियान के अंतर्गत टीम शहर के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करने के लिए पहुंची थी यहां एक बच्चा बाइक धोते हुए पाया गया। दुकान स्वामी ने बताया कि वह बालक अपने पिता के साथ आया था और दुकान पर बाइक धोने की बात कहने लगा था टीम को गलतफहमी हुई कि वह बच्चा यहां काम करता है। ऐसा कुछ भी नहीं है। वही लेबर इंस्पेक्टर आरसी बेलवाल ने बताया कि जिले से टास्क फोर्स का गठन हुआ है । टास्क फोर्स को पूरे जनपद में होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, वर्कशॉप इत्यादि में नियोजित बाल एवं किशोर श्रमिकों को रेस्क्यू किए जाने के आदेश हैं वहीं व्यापार मंडल की तीखी नोंक झांेक के बाद टीम को बैरंग वापस लौटना पड़ा।
